नयी दिल्ली, छह फरवरी चर्चित चुनावी सर्वेक्षण एजेंसियों ‘एक्सिस मॉय इंडिया’ और ‘टुडेज चाणक्य’ ने अपने एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) में संभावना जताई कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को प्रचंड बहुमत मिल सकता है।
इससे एक दिन पहले जारी हुए ज्यादातर एग्जिट पोल में भी भाजपा के 26 साल से अधिक समय बाद राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता में वापसी की संभावना जताई गई थी। हालांकि, दो सर्वेक्षणों में कहा गया है कि आम आदमी पार्टी (आप) अपनी सत्ता बरकरार रख सकती है।
‘एक्सिस मॉय इंडिया’ का अनुमान है कि दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 45-55 सीट मिल सकती हैं तथा आप को 15-25 सीट से ही संतोष करना पड़ सकता है। उसका कहना है कि कांग्रेस को अधिकतम एक सीट मिल सकती है।
उसने अपने सर्वेक्षण में संभावना जताई है कि भाजपा को 48 प्रतिशत, आप को 42 प्रतिशत और कांग्रेस को सात प्रतिशत वोट मिल सकते हैं।
‘टुडेज चाणक्य’ के एग्जिट पोल में कहा गया है कि भाजपा को 49 प्रतिशत वोट के साथ 51 (छह कम या ज्यादा) सीट हासिल हो सकती हैं, वहीं आप को 41 प्रतिशत वोट तथा 19 सीट (छह कम या ज्यादा) मिलने का अनुमान है।
उसने कहा है कि अन्य को 10 प्रतिशत वोट तथा अधिकतम तीन सीट मिल सकती हैं।
वर्ष 1998 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था और तब से वह राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता से बाहर है।
दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीट के लिए बुधवार को मतदान संपन्न हुआ। मतगणना आठ फरवरी को होगी।
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY