मेलबर्न, 11 दिसंबर ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न इलाके में स्थित एक पब के बाहर पिछले महीने भारतीय मूल के दो परिवारों के पांच सदस्यों को वाहन से कुचलने के मामले में सोमवार को 66 वर्षीय एक ऑस्ट्रेलियाई के खिलाफ कई अभियोग लगाए गए। मीडिया में प्रकाशित खबरों में यह जानकारी दी गई है।
विलियम स्वाले को पांच नवंबर को रॉयल डेलेसफोर्ड होटल में हुई घटना को लेकर सोमवार को गिरफ्तार किया गया। हादसे में विवेक भाटिया (38), उनके बेटे विहान (11), प्रतिभा शर्मा (44), उनकी नौ साल की बेटी अन्वी और उनके पति जतिन कुमार (30) की मौत हो गई थी जबकि भाटिया का छोटा बेटा अबीर और पत्नी रुचि घायल हो गए थे जिन्हें अब अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
एबीसी न्यूज की खबर के मुताबिक गत तीन दशक से टाइप वन मधुमेह से ग्रस्त स्वाले पर दोषपूर्ण तरीके से वाहन चलाने से मौत के पांच मामले और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से गंभीर रूप से घायल करने के दो आरोप और जीवन को खतरे में डालने वाले लापरवाह आचरण के सात आरोप लगाए गए हैं।
जांच अधिकारी सार्जेंट पीटर रोमानिस ने सोमवार को मेलबर्न की मजिस्ट्रेट अदालत को बताया कि स्वाले ने दुर्घटना से लगभग 40 मिनट पहले शाम 5:17 बजे अपने रक्त में शर्करा के स्तर की जांच की थी।
अधिकारी ने कहा कि जांच में शर्करा की मात्रा 2.9 मिलिग्राम प्रति लीटर रक्त आई जो एक सुरक्षित सीमा से नीचे का स्तर है।
सार्जेंट रोमानिस ने कहा, ‘‘आरोपी ने टक्कर मारने से पहले रक्त शर्करा निगरानी ऐप के माध्यम से आठ मोबाइल फोन अलर्ट प्राप्त किए जिन्हें उसने नजरअंदाज कर दिया।’’
सार्जेंट रोमानिस ने कहा कि स्वाले ने शाम 5:20 बजे एक बार में प्रवेश किया और वह अपने वाहन में लौटने से पहले एक टेबल मांगते हुए सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुआ है।
खबर के मुताबिक स्वाले के खिलाफ आपराधिक मामला अगले साल भी जारी रहेगा, जब यह निर्धारित करने के लिए सुनवाई होगी कि काउंटी या उच्चतम न्यायालय में मुकदमा चलाने के लिए उसके के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं या नहीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY