देश की खबरें | गोंडा में छेड़छाड़ का मुकदमा वापस न लेने पर नाबालिग की हत्या की कोशिश

पुलिस के मुताबिक, यह घटना छपिया थाना क्षेत्र में उस पर वक्त हुई जब पीड़िता घर से शौच के लिए गई थी।

छपिया थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) कृष्ण गोपाल राय ने मिली तहरीर के हवाले से बताया कि इस लड़की के साथ करीब दो वर्ष पूर्व छेड़छाड़ की घटना हुई थी, जिसमें गांव के ही 26 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था तथा जमानत पर जेल से छूटने के बाद से ही वह पीड़िता के परिवार पर मुकदमे वापस लेने का दबाव डाल रहा था और ऐसा न करने की स्थिति में पीड़िता को जान से मारने की धमकी दे रहा था।

एसएचओ ने बताया कि लड़की शनिवार को शौच के लिए गन्ने के खेत में गयी थी, जहां आरोपी युवक पहुंच गया तथा उसके साथ छेड़छाड़ की और गला दबाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की।

उन्होंने बताया कि काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने लड़की की तलाश की तो वह खेत में बेहोशी मिली और उसे तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से उसे अयोध्या रेफर कर दिया गया।

एसएचओ ने बताया कि किशोरी का अयोध्या के एक निजी चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर विवेचना की जाएगी।

पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी के साथ दो वर्ष पूर्व छेड़छाड़ करने वाले आरोपी ने मुकदमा वापस न लेने की स्थिति में बेटी की हत्या करने की धमकी दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)