देश की खबरें | कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार और उनके परिवार की संपत्ति बढ़कर 1,413.78 करोड़ रुपये हो गई

बेंगलुरु, 18 अप्रैल कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार और उनके परिवार की संपत्ति 2018 के विधानसभा चुनावों के दौरान 840.08 करोड़ रुपये थी, जो 2023 के चुनाव से पहले बढ़कर 1,413.78 करोड़ रुपये हो गई। यह बढ़त पिछले पांच वर्षों में 68.29 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है।

कनकपुरा विधायक ने सोमवार को अपना हलफनामा दायर किया और वह इसी निर्वाचन क्षेत्र से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं।

हलफनामे के मुताबिक, उनके पास 251.69 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है, जिसमें हिंदू अविभाजित परिवार (एचयूएफ) के 6.75 करोड़ रुपये शामिल हैं। कुल मिलाकर परिवार के पास 273.42 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है।

इसके अलावा, पूर्व मंत्री की अचल संपत्ति 972.65 करोड़ रुपये की है, जबकि उनके परिवार की कुल अचल संपत्ति 1,140.36 करोड़ रुपये की है।

राज्य के 2018 विधानसभा चुनाव से पहले शिवकुमार और उनके परिवार की चल संपत्ति 101.30 करोड़ रुपये की और अचल संपत्ति 738.78 करोड़ रुपये की थी।

कांग्रेस नेता के खिलाफ 19 मामले दर्ज हैं, जिनमें से चार आयकर से संबंधित हैं, दो प्रवर्तन निदेशालय द्वारा और एक केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा दर्ज कराए गए थे। ये सभी मामले चल रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)