गुवाहाटी, नौ मार्च केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने रविवार को कहा कि असम में समूचे रेल नेटवर्क का मौजूदा वर्ष में विद्युतीकरण कर दिया जाएगा।
मंत्री ने गुवाहाटी रेलवे स्टेशन का दौरा किया और वहां जारी विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
सोमन्ना के साथ पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव और रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, “2014 तक असम में रेलवे का विद्युतीकरण नहीं हुआ था, लेकिन अब 2025 के अंत तक शत-प्रतिशत रेलवे विद्युतीकरण पूरा हो जाएगा।”
मंत्री ने राज्य में रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास में प्रगति पर प्रकाश डाला और बताया कि क्षमता व दक्षता बढ़ाने के लिए दोहरीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “इसके अलावा संपर्क में सुधार और क्षेत्र की बढ़ती परिवहन मांगों को पूरा करने के लिए नयी रेलवे पटरियां बिछाई जा रही हैं।”
सोमन्ना ने यात्रियों की सुविधा और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने विशेष रूप से पूर्वोत्तर राज्यों में रेलवे के बुनियादी ढांचे और संपर्क को बढ़ाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 181.09 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से आधुनिक सुविधाओं के साथ गुवाहाटी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है। मंत्री ने स्टेशन के बुनियादी ढांचे का व्यापक निरीक्षण किया।
उन्होंने प्रतीक्षालय, ‘क्यूआर कोड टिकटिंग काउंटर’ और सुरक्षा उपायों सहित प्रमुख सुविधाओं का भी मूल्यांकन किया। उन्होंने कार्यकारी ‘लाउंज’ का दौरा किया और स्टेशन को साफ रखने के लिए रेलवे अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की।
इसके अलावा, मंत्री ने स्टेशन को और बेहतर बनाने को लेकर रेलवे अधिकारियों के साथ चर्चा भी की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY