देश की खबरें | असम पुलिस के एक कर्मी को थाने में लड़की पर यौन हमला करने के आरोप में किया गया निलंबित

गुवाहाटी/नलबारी, 29 जून असम के नलबारी जिले में थाने के अंदर एक लड़की पर कथित रूप से यौन हमला करने तथा उसका ‘आपत्तिजनक फोटो’ खींचने को लेकर एक निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। वह फिलहाल फरार है । एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना की जांच का भी आदेश दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 17 वर्षीय एक एक लड़की ने सोमवार को घोगरापर थाने के प्रभारी के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी कि थाने में उसने उसके साथ छेड़खानी की और उसका आपत्तिजनक फोटो खींच लिया। उस लड़की और एक व्यक्ति को बाल विवाह के सिलसिले में 21 जून को हिरासत में लिया गया था।

पुलिस महानिदेशक जी पी सिंह ने बृहस्पतिवार को एक ट्वीट में कहा कि निरीक्षक इस मामले में मुख्य आरोपी है और वह फिलहाल फरार है।

उन्होंने कहा, ‘‘ जो भी नलबारी के पुलिस अधीक्षक को उसके (आरोपी के) ठिकाने के बारे में सूचना देगा उसे उचित इनाम दिया जाएगा।’’

महिला का शील भंग करने के इरादे से उसे गलत तरीके से बंधक बनाकर रखने को लेकर भादंसं एवं बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत नलबारी थाने में मामला दर्ज किया गया है।

सिंह ने कहा कि यह मामला नलबारी की एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को जांच के लिए सौंपा गया है तथा मध्य पश्चिमी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ब्रजेनजीत सिंह को जिले का दौरा करने और प्राथमिक रिपोर्ट बृहस्पतिवार तक देने को कहा गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ थाने में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं..यदि यह (आरोप) सच पाया जाता है तो कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)