जरुरी जानकारी | असम मंत्रिमंडल ने व्यापार सम्मेलन से पहले 1.22 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी

गुवाहाटी, 23 फरवरी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने कहा है कि असम मंत्रिमंडल ने राज्य व्यापार शिखर सम्मेलन के दूसरे संस्करण से पहले रविवार को 1.22 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी।

मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि यह निर्णय लिया गया है कि यहां ‘एडवांटेज असम-2.0 निवेश एवं अवसंरचना शिखर सम्मेलन’ के दौरान हस्ताक्षरित होने वाले सभी सहमति पत्रों की मंत्रिमंडल द्वारा ‘उचित जांच की जाएगी और फिर उन्हें मंजूरी दी जाएगी।’

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंत्रिमंडल ने 45,000 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन (एमओयू) को खारिज कर दिया क्योंकि ये ‘कमजोर आधार’ पर पाए गए।

उन्होंने कहा, “हम लोगों के बीच अनावश्यक उत्साह पैदा नहीं करना चाहते, हम उचित और तर्कसंगत होना चाहते हैं।”

उन्होंने मंत्रिमंडल पर कहा कि मंजूरी से पहले सभी प्रस्तावों पर विचार किया गया था। दो दिवसीय ‘एडवांटेज असम 2.0 निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन’ का उद्घाटन 25 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे।

इस कार्यक्रम में भारत के शीर्ष उद्योगपतियों के साथ-साथ कई देशों के राजदूतों और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के शामिल होने की उम्मीद है।

शिखर सम्मेलन में निवेश प्रस्तावों को अंतिम रूप दिए जाने के साथ ही दो दिनों तक चलने वाले इस विशाल कार्यक्रम के दौरान जिला आयुक्तों (डीसी) के कार्यालयों में 50 करोड़ रुपये तक के निवेश के लिए समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

शर्मा ने बताया कि सम्मेलन के दौरान जिलों में पांच लाख से 50 करोड़ रुपये के बीच के निवेश प्रस्तावों वाले कुल 2,590 ऐसे सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किए जाने की पुष्टि हुई है।

उन्होंने बताया कि इन सहमति पत्रों में कुल 15,911 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)