खेल की खबरें | एशिया कप तीरंदाजी: भारत की निगाहें कंपाउंड वर्ग में सूपड़ा साफ करने पर; रिकर्व में दो और पदक पक्के
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय तीरंदाजों ने बुधवार को यहां एशिया कप चरण दो विश्व रैंकिंग टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखते हुए कंपाउंड वर्ग में सूपड़ा साफ करने की ओर कदम बढ़ाया तो वहीं रिकर्व वर्ग में भी दो पदक पक्के किये।
ताशकंद, तीन मई भारतीय तीरंदाजों ने बुधवार को यहां एशिया कप चरण दो विश्व रैंकिंग टूर्नामेंट में अपना दबदबा कायम रखते हुए कंपाउंड वर्ग में सूपड़ा साफ करने की ओर कदम बढ़ाया तो वहीं रिकर्व वर्ग में भी दो पदक पक्के किये।
विश्व कप में कई स्वर्ण पदक जीत चुके अभिषेक वर्मा के सामने पुरुष कंपाउंड वर्ग के फाइनल में टीम के साथी खिलाड़ी अमित की चुनौती होगी , जबकि कुशल दलाल कांस्य पदक की दौड़ में बने हुए है।
वर्मा ने कजाकिस्तान के सरेगी खीरच को 148-140 से हराया, जबकि अमित ने सेमीफाइनल में अपने साथी कुशल को 146-144 से मात दी।
कंपाउंड वर्ग में महिला तीरंदाजों ने भी दमदार प्रदर्शन किये। रागिनी मार्को ने परनीत कौर को 146-141 और प्रगति ने कजाकिस्तान की एडेल जेक्सेनबिनोवा को 146-141 से हराकर फाइनल में जगह पक्की की।
पुरुषों के व्यक्तिगत रिकर्व वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त मृणाल चौहान ने शूट-ऑफ में कजाकिस्तान के एलेक्जेंडर येरेमेनको को मात देकर फाइनल में जगह बनायी। भारतीय तीरंदाज ने शूट-ऑफ में 6-5 (25-26, 29-27, 27-27, 30-24, 27-28, 10-10) से जीत हासिल की। शूट-आउट में भी मुकाबला बराबरी का था लेकिन चौहान का तीर निशाने के केन्द्र के करीब था।
वह शुक्रवार को फाइनल में चीन के वांग बाओबिन से भिड़ेंगे।
इससे पहले चौहान ने अपने साथी खिलाड़ी इंद्र चंद स्वामी को क्वार्टर फाइनल में 7-1 (28-28, 27-26, 28-27, 29-27) से हराया।
पूर्व ओलंपियन और विश्व कप में दो बार स्वर्ण पदक जीतने वाले जयंत तालुकदार हालांकि क्वार्टर फाइनल की बाधा पार नहीं कर सके। इस 37 साल के अनुभवी तीरंदाज को कजाकिस्तान के एरेमेन्को एलेक्जेंडर से 3-7 (27-27, 27-28, 25-26, 26-25, 27-28) से हार का सामना करना पड़ा।
रिकर्व महिला व्यक्तिगत वर्ग में भी संगीता ने चीन की यागन शियाओली को 6-4 (27-26, 27-27, 26-28, 28-25, 27-27) से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
खिताबी मुकाबले में संगीता का सामना चीन की जियाक्सिन वू से होगा।
मधु वेदवान क्वार्टर फाइनल जबकि तनीषा वर्मा, प्राची सिंह प्री-क्वार्टर फाइनल में हार गईं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2023 06:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

