नयी दिल्ली, दो जुलाई बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए दूसरे सबसे पावन दिन ‘आषाढ़ पूर्णिमा’ के अवसर पर सोमवार को यहां राष्ट्रीय संग्रहालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
संस्कृति मंत्रालय ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन वाला एक वीडियो संदेश इस कार्यक्रम के दौरान प्रसारित किया जाएगा।
बयान में कहा गया है कि संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ (आईबीसी) सोमवार को जनपथ स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय में आषाढ़ पूर्णिमा के अवसर पर ‘धर्म चक्र प्रवर्तन दिवस’ मनाएगा।
यह आईबीसी का प्रमुख वार्षिक कार्यक्रम है और बुद्ध पूर्णिमा या वैशाख पूर्णिमा के बाद बौद्धों के लिए दूसरा सबसे पवित्र दिन है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नेपाल के लुंबिनी में आईबीसी की विशेष परियोजना-‘इंडिया इंटरनेशनल सेंटर फॉर बुद्धिस्ट कल्चर एंड हेरिटेज’ पर आधारित एक फिल्म का प्रदर्शन होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर नेपाल के लुंबिनी में इस केंद्र की आधारशिला रखी थी।
बयान में कहा गया है, ‘‘कार्यक्रम में आषाढ़ पूर्णिमा के महत्व पर 12वें शैमगोन केंटिंग ताई सितुपा द्वारा धम्म चर्चा और केंद्रीय संस्कृति एवं विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी का विशेष संबोधन भी शामिल होगा।’’
अधिकारियों ने बताया कि कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और बौद्ध संघों के संरक्षक, प्रख्यात गुरु, विद्वान एवं राजनयिक इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY