देश की खबरें | अरुणाचल: राज्यपाल ने विधायकों से राज्य के समावेशी विकास पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया

ईटानगर, छह मार्च अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के टी परनाइक ने सरकार के दृष्टिकोण को साकार करने में विधायकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बृहस्पतिवार को जोर दिया और कहा कि विधायकों को राज्य की तरक्की और समावेशी विकास पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

राज्य विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन विधायकों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन काफी हद तक विधायकों के प्रयासों पर निर्भर करता है।

उन्होंने कहा, ‘‘निर्वाचित प्रतिनिधियों के रूप में, स्थानीय आवश्यकताओं के बारे में आपकी गहरी समझ आपको राज्य में लोगों के जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने वाली योजनाओं को आगे बढ़ाने में सक्षम बनाती है।’’

राज्यपाल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, बुनियादी ढांचे और युवा सशक्तीकरण जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश के माध्यम से समग्र विकास के महत्व को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा, ‘‘इन क्षेत्रों को प्राथमिकता देकर सरकार सतत विकास सुनिश्चित कर रही है, सभी नागरिकों को लाभान्वित कर रही है और अरुणाचल प्रदेश को प्रगति तथा नवाचार के मॉडल के रूप में स्थापित कर रही है।’’

परनाइक ने घोषणा की कि राज्य सरकार के आगामी बजट में ‘विकसित अरुणाचल प्रदेश’ के निर्माण के उद्देश्य से नीतियों और योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

राज्यपाल ने बजट को प्रगति का खाका बताया जिसमें बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और आर्थिक अवसरों पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

उन्होंने कहा कि बजट न केवल अगले वर्ष के लिए राज्य के विकास का मार्गदर्शन करेगा, बल्कि 2047 तक विकसित अरुणाचल प्रदेश के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक कार्ययोजना के रूप में भी काम करेगा।

परनाइक ने अपने अभिभाषण में राज्य के प्रभावशाली विकास पर भी प्रकाश डाला तथा कहा कि अरुणाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था 11.01 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है, जो राष्ट्रीय औसत 6.5 प्रतिशत से काफी अधिक है।

उन्होंने बताया कि राज्य ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 35,000 से अधिक मकानों का निर्माण पूरा कर लिया है, जिससे ग्रामीण बेघर लोगों को आवास उपलब्ध कराने में पूर्ण उपलब्धि हासिल हो गई है।

राज्यपाल ने विधायकों से लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगन के साथ काम करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, ‘‘आपके प्रयास समावेशी विकास पर केंद्रित होने चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई भी पीछे न छूटे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)