देश की खबरें | अरुणाचल सरकार ने राजधानी क्षेत्र में लॉकडाउन 20 जुलाई तक बढ़ाया

ईटानगर, 11 जुलाई अरुणाचल प्रदेश सरकार ने शनिवार को क्षेत्र में कोविड-19 मामलों में तेज बढ़ोत्तरी के मद्देनजर राजधानी क्षेत्र में लॉकडाउन एक और सप्ताह बढ़ा कर 20 जुलाई तक कर दिया।

राज्य के मुख्य सचिव नरेश कुमार ने एक डिजिटल संवाददाता सम्मेलन में संवाददाताओं को बताया कि मुख्यमंत्री पेमा खांडू की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल ने 20 जुलाई, सुबह 5 बजे तक राजधानी क्षेत्र में पूर्ण लॉकडाउन का विस्तार करने का निर्णय लिया।

यह भी पढ़े | केरल गोल्ड स्कैंडल केसः स्वप्ना सुरेश और उनके परिवार के सदस्यों को एनआईए ने हिरासतम में लिया: 11 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

छह जुलाई को ईटानगर, नाहरलागुन, निर्जुली और बंदरदेवा सहित समूचे राजधानी क्षेत्र में लगाए गए लॉकडाउन की अवधि 13 जुलाई को शाम 5 बजे समाप्त होने वाली थी।

कुमार ने कहा कि कैबिनेट ने राजधानी क्षेत्र में कोविड-19 मामलों में तेज वृद्धि के कारण एक और सप्ताह के लिए लॉकडाउन का विस्तार करने का फैसला किया।

यह भी पढ़े | महाराष्ट्र में कोरोना का कहर: 24 घंटे में आए 8,139 ने केस, 223 लोगों की हुई मौत, राज्य में संक्रमित मरीजो की संख्या 2,46,600 हुई.

कुमार ने कहा, ‘‘हमारे पास अग्रिम मोर्चे पर काम करने वाले कर्मचारियों और संदिग्धों की जांच के लिए पर्याप्त मात्रा में एंटिजन जांच किट हैं।’’

इस बीच, खांडू ने ट्विटर पर कहा, ‘‘कोविड-19 स्थिति का आकलन करने के लिए एक डिजिटल कैबिनेट बैठक हुई। प्रारंभिक चरण में ही वायरस के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए राजधानी क्षेत्र में लॉकडाउन को 20 जुलाई तक बढ़ा दिया गया है।’’

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘‘इस अवधि के दौरान संपर्क पहचान प्रक्रिया तेज की जाएगी और सभी नागरिकों से मानक संचालन प्रक्रिया का सख्ती से पालन करने का अनुरोध करता हूं।’’

शनिवार को, राजधानी क्षेत्र में कोविड-19 के 28 नये मामले सामने आए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)