देश की खबरें | अध्यादेश के विरोध में करीब 10 हजार डॉक्टरों का प्रदर्शन, पंजाब में निजी अस्पताल बंद

चंडीगढ़, 23 जून पंजाब में करीब 10 हजार डॉक्टरों ने पंजाब नैदानिक प्रतिष्ठान (पंजीकरण एवं नियमन) अध्यादेश, 2020 को वापस लिये जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जिसके कारण मंगलवार को राज्य में क्लीनिक और निजी अस्पताल बंद रहे। डॉक्टरों ने आईएमए की पंजाब शाखा के तत्वावधान में यह विरोध प्रदर्शन किया।

अध्यादेश को “डॉक्टर विरोधी” और “जन विरोधी” करार देते हुए प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि सरकार इसके जरिये निजी स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्र को नियंत्रित करना चाहती है।

यह भी पढ़े | भारत का बड़ा फैसला, पाकिस्तानी उच्चायोग में 50 फीसदी तक कम की जाएगी कर्मचारियों की संख्या.

इंडियन मेडिकल असोसिएशन (आईएमए) की पंजाब इकाई की संयुक्त कार्रवाई समिति के अध्यक्ष राकेश विग ने कहा, “पंजाब में करीब 10,000 डॉक्टरों ने काम पूरी तरह बंद रखा। सभी क्लीनिक और अस्पताल भी बंद रहे।”

पंजाब सरकार ने पिछले महीने पंजाब नैदानिक प्रतिष्ठान (पंजीकरण एवं नियमन) अध्यादेश, 2020 को अधिसूचित किया था और यह 50 से ज्यादा बिस्तरों वाले नैदानिक प्रतिष्ठानों पर लागू होगा।

यह भी पढ़े | महाराष्ट्र: पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस का उद्धव सरकार पर हमला, कहा- हमारे पास रोजाना 38,000 टेस्ट करने की क्षमता, सिर्फ 14,000 किए जा रहे हैं टेस्ट: 23 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

सरकार ने तब दावा किया था कि यह नैदानिक मानकों और प्रोटोकॉल के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिये नैदानिक प्रतिष्ठानों के नियमन और पंजीकरण के साथ ही यह भी सुनिश्चित करता है कि इन प्रतिष्ठानों द्वारा आम आदमी को स्वास्थ्य सेवाओं का उचित एवं पूर्ण लाभ मिले।

डॉक्टरों ने कहा कि यह अध्यादेश एक जुलाई से प्रभावी होगा।

प्रदर्शनकारी डॉक्टरों का कहना है कि इस कानून की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि वे पहले ही पंजाब चिकित्सा परिषद के नियमन और अन्य कानूनों के दायरे में आते हैं।

विग ने कहा, “इस कानून को लाने की मजबूरी क्या है? एक तरफ हम कोविड-19 से लड़ने में राज्य सरकार की मदद कर रहे हैं तो दूसरी तरफ वह ऐसे कानून ला रही है।”

डॉक्टरों ने दावा किया कि इस कानून से सरकार निजी अस्पतालों में अनावश्यक दखल देगी। उनमें से एक ने कहा, “सरकार हमें छद्म रूप से नियंत्रित करना चाहती है।”

विग ने आरोप लगाया कि इस कानून से ‘इंस्पेक्टर राज’ को बढ़ावा मिलेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)