देश की खबरें | असम में एनडीएफबी के पूर्व उग्रवादियों के हथियार, गोलाबारूद बरामद

कोकराझार, आठ मार्च असम के कोकराझार जिले में एक जंगल से भारी मात्रा में जमीन में दबे हथियार बरामद किये गये हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

विशेष पुलिस महानिदेशक-सह-आईजीपी (बीटीएडी) एल आर बिश्नोई ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ऐसा संदेह है कि एनडीएफबी के आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों ने बोगरीबारी थाना क्षेत्र की टिपकाई चौकी के तहत एक जगह पर इन हथियारों को दबा दिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास खुफिया जानकारी थी कि एनडीएफबी के आत्मसमर्पण करने वाले उग्रवादियों के हथियार कुछ जगहों पर छिपे हो सकते हैं। पिछले सप्ताह, हमें ऐसी एक सूचना मिली थी और हमने उस पर काम करना शुरू कर दिया।’’

बिश्नोई के अनुसार कोकराझार जिला पुलिस ने पुलिस अधीक्षक प्रतीक विजय कुमार की निगरानी में तीन विभिन्न दल बनाये थे। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा ध्यान महामाया वन अभयारण्य की तरफ था। अभियान के पिछले दो दिन के दौरान हम जंगल से भारी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद जब्त करने में सफल रहे।’’

विशेष पुलिस महानिदेशक ने कहा कि पुलिस ने दो इजराइल निर्मित यूजी राइफल और चार मैगजीन, 22 प्रेशर बम तथा उनके कैप और 16 एचई 36 हथगोले जब्त किये।

उन्होंने बताया, ‘‘हथियारों को प्लास्टिक में लपेटा गया था और जमीन के अंदर से बरामद किया गया। हमें संदेह है कि ये एनडीएफबी के पुराने कार्यकता हो सकते हैं और संभवत: करीब दो साल पहले इन्हें दबाया गया।’’

बिश्नोई ने बताया कि सूचना के अनुसार इलाके में ऐसे और हथियार दबे हो सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)