ईटानगर, 13 अक्टूबर राज्य सरकार ने सहायक अभियंता (सिविल) परीक्षा के प्रश्न-पत्र लीक मामले में अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एपीपीएससी) के सचिव और संयुक्त सचिव को निलंबित कर दिया है।
मुख्य सचिव धर्मेंद्र की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, एपीपीएससी सचिव व आईएएस अधिकारी जयंत कुमार रे और संयुक्त सचिव-सह-परीक्षा नियंत्रक सूरज गुरुंग को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही पर विचार किया जा रहा है।
गुरुंग प्रांतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं।
मुख्य सचिव ने बुधवार रात राज्यपाल ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) डॉ. बी. डी. मिश्रा से मंजूरी मिलने के बाद दो अलग-अलग आदेश जारी किए।
मुख्यमंत्री पेमा खांडू, ऑल अरुणाचल प्रदेश स्टूडेंट्स यूनियन (एएपीएसयू) और ऑल निशी स्टूडेंट्स यूनियन (एएनएसयू) के बीच बुधवार को एपीपीएससी के सुधार के संबंध में हुई एक बैठक के बाद यह कार्रवाई की गई।
आदेश के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल को प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।
आदेश में कहा गया, ''अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है कि इस आदेश के संचालन की अवधि के दौरान, दोनों अधिकारियों का मुख्यालय ईटानगर होगा और वह अधोहस्ताक्षरित से पूर्व अनुमति प्राप्त किए बिना मुख्यालय छोड़कर नहीं जाएंगे।''
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्र निकायों को कैबिनेट बैठक के बाद आयुक्त, सचिव और आयोग के सदस्यों को निलंबित करने का आश्वासन दिया था।
यह मामला 29 अगस्त को तब सामने आया जब परीक्षा के एक उम्मीदवार ग्यामर पदुंग ने ईटानगर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उन्हें परीक्षा के प्रश्न पत्र के लीक होने का संदेह है।
अरुणाचल प्रदेश सरकार ने इस मामले की सीबीआई से जांच की सिफारिश की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY