शिमला, 22 जुलाई सेब की बिक्री पर भ्रम को खत्म करते हुए हिमाचल प्रदेश के बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने शनिवार को कहा कि सेब सहित सभी फल बक्सों के हिसाब से नहीं, बल्कि वजन (किलो) के हिसाब से बेचे जाएंगे।
नेगी ने यह भी कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यहां मीडियाकर्मियों को अपने संबोधन के दौरान कहा, ‘‘उक्त मानदंडों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आढ़तियों के लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे और उल्लंघन के मामले में उन्हें मंडियों (फल बाजारों) से बाहर कर दिया जाएगा।’’
उन्होंने विभिन्न राज्यों के लोगों को हिमाचल प्रदेश आने और सेब खरीदने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि सेब का व्यापार करने के इच्छुक लोगों को लाइसेंस दिए जाएंगे, क्योंकि सरकार एकाधिकार समाप्त करना चाहती है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पादन विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (एचपीएमसी) पराला, परवाणू और सोलन मंडियों में भी सेब खरीदेगा।
इससे पहले आढ़तियों ने कहा था कि जगह की कमी के चलते उपज का वजन करना संभव नहीं है। इस बारे में नेगी ने कहा कि राज्य सरकार मंडियों में आढ़तियों को अतिरिक्त जमीन देने को तैयार है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY