नयी दिल्ली , 18 जुलाई बीसीसीआई राष्ट्रीय टीम की पोशाक के अनुबंध के लिये नयी निविदायें जल्दी ही बुलायेगा क्योंकि नाइके ने सितंबर में खत्म हो रहे करार का नवीनीकरण नहीं करने का फैसला किया है ।
बीसीसीआई की एपेक्स काउंसिल की शुक्रवार को हुई आनलाइन बैठक में कई मसलों पर बात की गई जिनमें पोशाक प्रायोजन करार शामिल है ।
यह भी पढ़े | गुजरात के ढोलका तहसील में बड़ा हादसा, रासायनिक कचरे से निकली जहरीली गैस, 4 लोगों ने तोड़ा दम.
बोर्ड के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया ,‘‘ नाइके का चार साल का 370 करोड़ रूपये का करार था जिसकी 30 करोड़ रूपये रॉयल्टी थी । अब वे एक अक्टूबर से शुरू हो रहे नये चक्र के लिये ताजा प्रस्ताव नहीं भेजेंगे । एपेक्स काउंसिल ने तय किया है कि नयी निविदायें मंगवाई जायेंगी । नाइके भी नयी बोली लगा सकता है ।’’
राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी को भी बेंगलुरू में नयी जगह पर स्थानांतरित करने पर बात की गई ।
यह भी पढ़े | कोरोना के महाराष्ट्र में 8,348 नए मरीज पाए गए,144 की मौत: 18 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
अधिकारी ने कहा ,‘‘ हालात सुधरने पर राज्य सरकार के संबद्ध विभाग को नयी निर्माण योजना भेजी जायेगी जिसके बाद काम शुरू होगा ।’’
घरेलू कैलेंडर को लेकर हालांकि कोई फैसला नहीं हो सका ।
अधिकारी ने कहा ,‘‘ दिसंबर जनवरी में कोरोना वायरस महामारी की क्या स्थिति होगी, उसकी जानकारी के बिना कैलेंडर बनाने का क्या मतलब है । इसे हलके में नहीं लिया जा सकता । पुरूष क्रिकेट के कार्यक्रम से दलीप ट्राफी और विजय हजारे ट्राफी हटाई जायेंगी ।’’
घरेलू कैलेंडर छोटा होने पर प्रथम श्रेणी क्रिकेटरों को आठ से दस लाख रूपये नुकसान हो सकता है ।
अधिकारी ने यह भी बताया कि भारतीय टीम के अभ्यास शिविर के लिये फिलहाल सिर्फ अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम पर विचार किया जा रहा है जो देश का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है ।
उन्होंने कहा ,‘‘ मोटेरा स्टेडियम के भीतर ही 60 कमरे हैं जिससे ‘बायो बबल ’ बनाने में आसानी होगी । दुबई के नाम पर तो चर्चा भी नहीं हुई । दूसरा विकल्प धर्मशाला था ।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY