देश की खबरें | ‘जन विरोधी’ फैसले कांग्रेस की हिमाचल सरकार की ‘उपलब्धि’ है : भाजपा नेता राजीव बिंदल

ऊना (हिप्र), 17 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव बिंदल ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस की राज्य सरकार ने गठन के बाद से ही सभी ‘जनविरोधी’ फैसले लिए हैं और यही उसकी ‘उपलब्धि’ है।

बिंदल ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि अगर कांग्रेस सरकार इतनी ताकतवर हो गई है तो उसे इसका प्रदर्शन जनता की सेवा करके करना चाहिए न कि उनके अधिकारों को छीनकर।

राज्य में कर देने वाले उपभोक्ताओं की 125 यूनिट बिजली की सब्सिडी खत्म करने के फैसले का हवाला देते हुए भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने सरकार बनाने के बाद से ही ‘जनविरोधी’ फैसले लिए है और यही उसकी ‘उपलब्धि’ है।

बिंदल ने कहा कि चुनावी वादे के मुताबिक 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने के बजाय कांग्रेस सरकार हिमाचल के लोगों से मुफ्त दी जा रही 125 यूनिट बिजली भी छीन रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि गत 18 महीनों में विकास थम गया है और कांग्रेस सरकार ‘बंद’ का पर्याय बन गई है क्योंकि 1500 से अधिक शिक्षण, स्वास्थ्य और अन्य संस्थान सरकार द्वारा बंद कर दिए गए हैं।

कांग्रेस सरकार को आड़े हाथ लेते हुए बिंदल ने कहा कि डीजल और पेट्रोल को महंगा कर सरकार ने आम आदमी पर अतिरिक्त बोझ डाला है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)