एजेंसी न्यूज

मई के अंत तक शराब की दुकानों की संख्या घटाकर 2,934 करेगी आंध्र प्रदेश सरकार

राज्य सरकार ने इसी सप्ताह शराब की खुदरा कीमतों में 75 प्रतिशत तक की वृद्धि की है।

मई के अंत तक शराब की दुकानों की संख्या घटाकर 2,934 करेगी आंध्र प्रदेश सरकार

अमरावती, नौ मई आंध्र प्रदेश सरकार शराब की खपत कम करने तथा लोगों को बेहतर जीवन अपनाने में मदद करने के लिये इस महीने के अंततक शराब की खुदरा दुकानों की संख्या 13 प्रतिशत घटाकर 2,934 करेगी। राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

राज्य सरकार ने इसी सप्ताह शराब की खुदरा कीमतों में 75 प्रतिशत तक की वृद्धि की है।

विशेष मुख्य सचिव (राजस्व) रजत भार्गव ने कहा कि सरकार ने अवैध शराब के उत्पादन को रोकने तथा बिना कर भुगतान किये दूसरे राज्य से शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिये कई कदम उठाये हैं।

सरकार ने अवैध शराब पर रोक लगाने के लिये एक स्वतंत्र विशेष प्रवर्तन ब्यूरो बनाने का भी निर्णय लिया है। इस ब्यूरो का विशेष ध्यान उन जिलों पर रहेगा, जो तमिलनाडु, कर्नाटक, ओडिशा और तेलंगाना की सीमाओं से सटे हुए हैं।

राज्य में अभी सरकार आंध्र प्रदेश राज्य बेवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के जरिये शराब की खुदरा दुकानों का परिचालन करती है। पहले इन दुकानों की संख्या 4,380 थी, जिन्हें घटाकर पिछले साल अगस्त में 3,500 किया गया।

भार्गव के अनुसार, नये निर्णय के बाद इनकी संख्या और कम होकर 2,934 रह जाएंगी।

कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिये लागू लॉकडाउन की पाबंदियों में ढील के बाद शराब की दुकानें खुलने पर राज्य सरकार ने शराब की खुदरा कीमतें 75 प्रतिशत तक बढ़ा दी है।

भार्गव ने एक आदेश में कहा, ‘‘“सरकार ने शराब की खपत को कम करने और लोगों को बेहतर जीवन की ओर बढ़ने में मदद करने के लिये कई सक्रिय कदम उठाये हैं। शराब के सेवन के हानिकारक प्रभावों के बारे में लोगों में जागरूकता पैदा की जा रही है। खुदरा दुकानों की संख्या में कमी शराब की उपलब्धता को सीमित करने और सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिये है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने बार की संख्या 840 से 40 प्रतिशत घटाकर 530 कर दी है। हालांकि यह मामला अभी न्यायालय के विचाराधीन है। अच्छी बात यह है कि अक्टूबर 2019 से मार्च 2020 के बीच शराब की बिक्री में 24 प्रतिशत और बीयर की बिक्री में 55 प्रतिशत की भारी गिरावट आयी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2020 08:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).