देश की खबरें | बारिश के कारण बेंगुलरु के बाहरी इलाके में अमित शाह का रोड शो रद्द

बेंगलुरु, 21 अप्रैल बेंगलुरु के बाहरी इलाके देवनहल्ली में भारी बारिश के कारण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का शुक्रवार को होने वाला रोड शो रद्द कर दिया गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

पार्टी के प्रमुख चुनावी रणनीतिकारों और प्रचारकों में से एक भाजपा के पूर्व अध्यक्ष शाह राज्य में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रचार करने के लिए राज्य के दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे हैं।

शाह को बेंगलुरु ग्रामीण जिले के देवनहल्ली में एक रोड शो करना था, लेकिन शहर और उसके आसपास बारिश के कारण इसे रद्द करना पड़ा।

शाह अपनी इस यात्रा के दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे और चुनाव तैयारियों का जायजा लेंगे।

पिछले महीने की 29 तारीख को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद शाह का राज्य का यह पहला दौरा है।

वह शनिवार को दिल्ली लौट जाएंगे। इससे पहले, वह एक निजी समाचार चैनल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने वाले हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)