देश की खबरें | पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा के लिए अमित शाह रायपुर पहुंचे

रायपुर, 22 जुलाई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के संबंध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के साथ बैठक करने के लिए शनिवार शाम को रायपुर पहुंचे।

राज्य में भाजपा के नेताओं ने बताया कि शाह रात करीब 8:35 बजे विशेष विमान से स्वामी विवेकानंद विमानतल पर उतरे और भाजपा के राज्य मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के लिए रवाना हुए।

भाजपा नेताओं ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

उन्होंने बताया कि भाजपा की छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष अरुण साव ने पार्टी के अन्य विधायकों और नेताओं के साथ विमानतल पर शाह का स्वागत किया।

भाजपा के एक नेता ने बताया, ''अमित शाह प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, भाजपा की छत्तीसगढ़ इकाई के प्रभारी ओम माथुर, सह-प्रभारी नितिन नबीन और विपक्ष के नेता नारायण चंदेल के साथ पार्टी कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठक की अध्यक्षता करेंगे।''

उन्होंने कहा कि शाह साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

उन्होंने बताया कि रात भर यहां रुकने के बाद शाह रविवार सुबह 10.30 बजे दिल्ली रवाना होने से पहले स्थानीय नेताओं के साथ बातचीत करेंगे।

यह अमित शाह का इस वर्ष राज्य का चौथा दौरा है।

छत्तीसगढ़ में रमन सिंह के नेतृत्व में 15 साल (2003-2018) तक सत्ता में रहने के बाद, भाजपा को 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के हाथों भारी हार का सामना करना पड़ा था।

भाजपा नेताओं के अनुसार, विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे स्थानीय नेताओं के साथ शाह की बैठक चुनावी रणनीति तैयार करने और उसे क्रियान्वित करने के लिए महत्वपूर्ण होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)