देश की खबरें | अमित शाह ने आतंकवादी हमलों में मारे गए पुलिसकर्मियों के रिश्तेदारों को नियुक्ति पत्र सौंपे

श्रीनगर, चार अक्टूबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को जम्मू कश्मीर के उन चार पुलिसकर्मियों के रिश्तेदारों को नियुक्ति पत्र सौंपे जो घाटी में आतंकवाद से संबंधित घटनाओं में मारे गए थे।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर पुलिस के चार शहीदों के परिवारों को यहां राजभवन में गृह मंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र दिए गए। ’’

गृह मंत्री ने आतंकी घटनाओं में शहीद पुलिसकर्मियों के रिश्तेदारों के साथ अपनी भेंट की तस्वीरें साझा कीं।

शाह ने ट्वीट किया, ‘‘ कश्मीर में आतंकवादियों से लड़ते हुए शहीद हुए जम्मू कश्मीर पुलिस के जवानों के परिजनों से भेंट कर उनका सम्मान किया। साथ ही चार शहीदों के परिजनों को नौकरी का नियुक्ति पत्र भी दिया।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई की अगुआ रही जम्मू-कश्मीर पुलिस के त्याग एवं बलिदान को पूरा देश सलाम करता है।’’

अधिकारियों के अनुसार, इसी के साथ आतंकवादी हमलों में मारे गए 24 लोगों के परिवारों को गृह मंत्री से नियुक्ति पत्र मिल चुके हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)