देश की खबरें | कड़ी सुरक्षा के बीच अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का एक और जत्था जम्मू से रवाना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में स्थित अमरनाथ मंदिर के लिए 6,500 से अधिक तीर्थयात्रियों का सातवां जत्था बृहस्पतिवार को तड़के जम्मू शहर से कश्मीर स्थित आधार शिविरों के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जम्मू, चार जुलाई दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में स्थित अमरनाथ मंदिर के लिए 6,500 से अधिक तीर्थयात्रियों का सातवां जत्था बृहस्पतिवार को तड़के जम्मू शहर से कश्मीर स्थित आधार शिविरों के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हिमालयी क्षेत्र में 3,888 मीटर ऊंचे गुफा मंदिर की 62 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा एक जुलाई को अनंतनाग जिले के पहलगाम और गांदरबल जिले के बालटाल से शुरू हुई।
अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्रियों की संख्या 65 हजार के पार जा चुकी है क्योंकि यात्रा सुचारू रूप से चल रही है।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को तड़के कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 272 वाहनों के काफिले में 5,053 पुरुष, 1,375 महिलाओं, 101 संतों और 25 बच्चों सहित कुल 6,554 तीर्थयात्री यहां भगवती नगर आधार शिविर से घाटी के लिए रवाना हुए।
अधिकारियों ने बताया कि पहलगाम की ओर जाने वाले 3,864 तीर्थयात्री 141 वाहनों के काफिले में घाटी के लिए रवाना हुए, जबकि 2,690 तीर्थयात्रियों को लेकर 131 वाहनों का एक और काफिला तड़के करीब साढ़े तीन बजे बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुआ।
उन्होंने बताया कि 30 जून से जम्मू आधार शिविर से 36,823 तीर्थयात्री घाटी के लिए रवाना हो चुके हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 30 जून को श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
यह यात्रा 31 अगस्त को संपन्न होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 06, 2023 01:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

