देश की खबरें | भारतीय तटरक्षक बल का कमाल, बीच समुद्र में अभियान चलाकर बचाई नाविक की जान

कोच्चि, 24 जुलाई भारतीय तटरक्षक बल ने सोमवार को केरल में बीच समुद्र में जोखिमपूर्ण अभियान चलाकर एक निजी टैंकर से आघात (स्ट्रोक) और आंशिक लकवे से पीड़ित नाविक को बचा लिया। चुनौतीपूर्ण मौसमी हालात के बीच चलाए गए इस अभियान में तटरक्षकों ने आधुनिक हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) एमके-3 का इस्तेमाल किया।

तटरक्षक बल ने बताया कि उसे सोमवार को सेंट्रो इंटरनेजियनेल रेडियो मेडिक (सीआईआरएम), इटली की ओर से प्रदीप दास नामक नाविक के संकट में घिरे होने की सूचना मिली।

तटरक्षक बल ने एक बयान में कहा कि सीआईआरएम ने बताया था कि मोटर टैंकर ग्लोबल स्टार पर सवार नाविक को आघात होने और उसके उच्च रक्तचाप व दाईं ओर आंशिक लकवे से पीड़ित होने का संदेह है और उसे जल्द से जल्द बाहर निकालने की जरूरत है।

इसके बाद कोच्चि में स्थित समुद्री बचाव उप-केंद्र (एमआरएससी) को अभियान के समन्वय का काम सौंपा गया और इसने टेलीमेडिकल सहायता प्रदान करने तथा संकटग्रस्त नाविक को निकालने की योजना बनाने के लिए जहाज से संपर्क स्थापित किया।

बयान में कहा गया है, “स्थिति की संवेदनशीलता के मद्देनजर, समुद्र में ऊंची लहरें उठने और मौजूदा मौसम स्थिति को समझते हुए तटरक्षक बल के आधुनिक हल्के हेलीकॉप्टर ने 24 जुलाई की सुबह कोच्चि से 112 समुद्री मील की दूरी पर बीच समुद्र में बचाव अभियान चलाया ।”

बयान में कहा गया है, "चुनौतीपूर्ण मौसम, उफनते समुद्र, भारी बारिश और खराब दृश्यता के बीच, आईसीजी के पेशेवर पायलट कम से कम समय में एमटी ग्लोबल स्टार के पास पहुंचे और संकटग्रस्त नाविक को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)