देश की खबरें | पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के स्वास्थ्य में पहले से सुधार

लखनऊ, 10 जुलाई उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का स्वास्थ्य पहले से बेहतर है। अस्पताल ने एक बुलेटिन में इसकी जानकारी दी।

लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) द्वारा शनिवार सुबह दस बजे जारी बुलेटिन में बताया गया कि ‘क्रिटिकल केयर मेडिसिन’ के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कल्याण सिंह (89) की स्थिति पहले से बेहतर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।

बुलेटिन में बताया गया, ‘‘हृदयरोग, तंत्रिका रोग, मधुमेह रोग और गुर्दा रोग विशेषज्ञ समेत वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम उनके उपचार में जुटी है।'

एसजीपीजीआई के निदेशक प्रो आर के धीमान स्वयं उनके इलाज पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।

एसजीपीजीआई से शनिवार की शाम को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार कल्याण सिंह की हालत स्थिर है और पूर्व मुख्यमंत्री अपनी देखभाल में लगे कर्मचारियों के साथ संवाद करने की कोशिश कर रहे हैं। वरिष्ठ चिकित्सक उनकी देखभाल कर रहे हैं और उनके स्वास्थ्य से संबंधित सभी मापदंडों पर कड़ी नजर रख रहे हैं।

सिंह पिछले 21 जून को अनियंत्रित रक्त शर्करा और रक्तचाप आदि की शिकायत के बाद स्थानीय डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती हुए थे। संस्थान के अनुसार तीन जुलाई की रात रक्तचाप अत्यधिक बढ़ने के कारण कल्‍याण सिंह को दिल का हल्का दौरा पड़ा, जिसके कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था। इसके बाद चार जुलाई को उन्हें एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था।

जफर आनन्द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)