देश की खबरें | संभल से सपा सांसद के खिलाफ बिजली चोरी का आरोप, 1.91 करोड़ रुपये का जुर्माना

संभल (उप्र), 20 दिसंबर संभल से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद जिया उर रहमान बर्क के दीपा सराय मोहल्ला स्थित आवास के बाहर बनी सीढ़ियों को शुक्रवार को बुलडोजर से गिरा दिया गया।

पिछले 15 दिनों से संभल के अलग-अलग इलाकों में नालों से अतिक्रमण हटाने का अभियान चल रहा है। शुक्रवार को भारी पुलिस बल की मदद से सांसद के आवास की सीढ़ियां गिरा दी गईं।

एक अधिकारी ने बताया कि बिजली विभाग ने सांसद बर्क पर बिजली चोरी के आरोप में 1.91 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है और बिजली चोरी के आरोप में उनके आवास की बिजली आपूर्ति भी काट दी गई है।

इस बीच, उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कानून सबके लिए समान है, चाहे आम नागरिक हो या सांसद। उन्होंने कहा कि अगर कोई बिजली चोरी करता है, तो नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए और दंड मिलना चाहिए।

सांसद के खिलाफ बृहस्पतिवार को विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 के तहत बिजली चोरी के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

अधिकारियों ने बताया कि बर्क के पिता ममलूकुर रहमान बर्क पर भी दीपा सराय इलाके में उनके घर पर निरीक्षण के दौरान सरकारी अधिकारियों को कथित तौर पर धमकाने का मामला दर्ज किया गया है।

संभल के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘संभल में बिजली को लेकर जांच अभियान जारी है। बिजली विभाग ने सांसद पर 1.91 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। उनके आवास की बिजली आपूर्ति भी काट दी गई है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)