देहरादून, 21 अप्रैल बागेश्वर जिले के पिंडारी हिमनद में आए हिमस्खलन के कारण फंसे 13 विदेशियों समेत सभी 14 ट्रेकर सुरक्षित हैं और नीचे की तरफ एक बाबा की कुटिया तक पहुंच गए हैं।
बागेश्वर की जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने शुक्रवार को बताया कि तीन अप्रैल को करीब एक माह के ट्रेक पर मिलम हिमनद की ओर निकला यह दल बृहस्पतिवार रात को पिंडारी हिमनद के पास आए हिमस्खलन में फंस गया था।
हालांकि, उन्होंने बताया कि एक भारतीय सहित दल में शामिल सभी सदस्य वहां किसी चट्टान की आड़ लेकर सुरक्षित बच गए लेकिन उनका सामान हिमस्खलन में दब गया।
उन्होंने बताया कि दल के सदस्यों के पास सेटेलाइट फोन हैं जिसके जरिए उन्होंने जिला प्रशासन तथा उनके ट्रेक को संचालित करने वाली कंपनी को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया, ‘‘दल के सदस्यों ने बताया है कि वे सभी सुरक्षित हैं और कल और नीचे उतरने का प्रयास करेंगे।’’
सुयाल ने कहा, हालांकि, किसी संभावित अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को तैयार रखा है जबकि राज्य सरकार से जरूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टर भेजने का आग्रह किया गया है।
उन्होंने बताया कि इसी बीच राजस्व, स्वास्थ्य तथा खाद्य विभाग की टीम को ट्रेकरों तक मदद पहुंचाने के लिए रवाना कर दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY