देश की खबरें | सुचारू बजट सत्र के लिए 27 फरवरी को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई : जम्मू-कश्मीर विधानसभा अध्यक्ष

जम्मू, 24 फरवरी जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राठेर ने सोमवार को कहा कि उन्होंने बजट सत्र को सुचारू रूप से चलाने के लिए 27 फरवरी को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। विधानसभा का बजट सत्र तीन मार्च से शुरू हो रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष ने पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती पर भी निशाना साधा।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने राठेर पर आरोप लगाया था कि उन्होंने विधायकों को प्रश्नों, विधेयकों, प्रस्तावों और सदन की कार्यवाही से जुड़े अन्य मामलों के नोटिसों के अनुचित प्रचार के खिलाफ चेतावनी देकर एक प्रकार का 'सैन्य कानून' लागू कर दिया है।

राठेर ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘आगामी बजट सत्र के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। आज सुबह मैंने सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं की देखरेख करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। ’’

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने सदन के सुचारू संचालन के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने हेतु बजट सत्र की शुरुआत से पहले 27 फरवरी को सदस्यों की बैठक बुलाई है।

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को अपने विधायकों से बहुत उम्मीदें हैं। उन्हें जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए और अपनी ड्यूटी भी जिम्मेदारी से निभानी चाहिए।’’

महबूबा मुफ्ती की टिप्पणी पर राठेर ने कहा कि उन्होंने नियमों के आधार पर एक सरल बयान दिया था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि प्रश्नों, संकल्प, स्थगन प्रस्तावों या विधेयकों से संबंधित सभी नोटिसों को तब तक प्रचारित नहीं किया जाना चाहिए जब तक कि उसे अध्यक्ष द्वारा अनुमोदित न कर दिया जाए और सदन में पेश न कर दिया जाए।

राठेर ने कहा, ‘‘मैं सम्मानपूर्वक कहना चाहता हूं कि उन्हें इस मुद्दे पर उचित सलाह नहीं दी गई है। उन्हें नियमों की जांच करनी चाहिए और उन्हें खुद ही सारे जवाब मिल जाएंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)