बेंगलुरु, तीन जून कर्नाटक विधान परिषद चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल करने वाले तीन राजनीतिक दलों - कांग्रेस, भाजपा और जद (एस) के सभी 11 उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचित होने की संभावना है।
कर्नाटक विधान परिषद की 11 सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव 13 जून को होने हैं। इनका चुनाव विधानसभा के सदस्यों द्वारा किया जाएगा। आज नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन था।
विधानसभा में दलों की मौजूदा संख्या बल के अनुसार, कांग्रेस सात सीट, भाजपा तीन और जद (एस) एक सीट जीत सकती है।
सत्तारूढ़ कांग्रेस ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के बेटे डॉ. यतींद्र, कर्नाटक अल्पसंख्यक आयोग की पूर्व अध्यक्ष बाल्खीस बानू, लघु सिंचाई मंत्री एन एस बोसराजू, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार के गोविंदराज, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष वसंत कुमार, पूर्व एमएलसी इवान डिसूजा और पार्टी के कलबुर्गी जिला अध्यक्ष जगदेव गुट्टेदार को अपना उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा ने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि, एमएलसी और परिषद में विपक्ष के मुख्य सचेतक एन रवि कुमार और पार्टी नेता एम जी मुले को अपना उम्मीदवार बनाया है।
जद (एस) ने टी एन जावराई गौड़ा को उम्मीदवार बनाया है।
इन 11 उम्मीदवारों के अलावा कांग्रेस के आर एम आसिफ पाशा ने भी अपना नामांकन दाखिल किया है। हालांकि, आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच के दौरान उनकी उम्मीदवारी को खारिज किए जाने की संभावना है, क्योंकि उनके पत्र में प्रस्तावकों के हस्ताक्षर नहीं है और उन्हें कांग्रेस का आधिकारिक उम्मीदवार बताने वाला ‘बी’ फॉर्म भी नहीं है।
अधिकारियों ने कहा, "अतः जांच पूरी होने के बाद सभी 11 आधिकारिक उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचित होने की संभावना है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY