देश की खबरें | आइसा ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया

नयी दिल्ली, दो मार्च वाम विचारधारा से संबद्ध ‘‘ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन’’ (आइसा) के सदस्यों ने बुधवार को यहां जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया और युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीय विद्यार्थियों की सुरक्षित वापसी की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने हाथ में तख्तियां ले रखी थीं जिन पर यूक्रेन के समर्थन में नारे लिखे गए थे।

प्रदर्शनकाारियों द्वारा ली गईं तख्तियों पर लिखा था, 'भारत सरकार फंसे हुए भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करे' और ' युद्ध समाप्त करें, इससे पहले कि ये आपको समाप्त कर दे।' प्रदर्शन में करीब 15-20 आइसा सदस्य शामिल रहे।

आइसा कार्यकर्ता दोलन सांमत ने कहा, '' हम यहां युद्ध के खिलाफ विरोध जताने आए हैं। हम मांग करते हैं कि कूटनीतिक रास्ता अपनाया जाए और शांति स्थापित हो।''

उन्होंने कहा, '' हम भारत सरकार के खिलाफ भी प्रदर्शन कर रहे हैं क्योंकि हम चाहते हैं कि सरकार यूक्रेन में मारे गए कर्नाटक के छात्र की मौत की जिम्मेदारी ले। हम चाहते हैं कि सरकार यूक्रेन में फंसे सभी भारतीय नागरिकों और छात्रों को तत्काल वापस लाए।''

आइसा महासचिव प्रसनजीत कुमार ने कहा, '' हम मांग करते हैं कि रूस युद्ध समाप्त करे और भारत सरकार यूक्रेन में फंसे छात्रों को वापस लाए।''

गौरतलब है कि रूस के सैन्य अभियान से बुरी तरह प्रभावित पूर्वी यूरोपीय देश यू्क्रेन के खारकीव शहर में गोलाबारी के चलते मंगलवार को एक भारतीय छात्र की मौत हो गई। मूल रूप से कर्नाटक के हावेरी जिले के निवासी और चिकित्सा पाठ्यक्रम के छात्र की मौत उस समय हुई जब वह पूर्वी यूक्रेन के शहर खारकीव में किराना स्टोर से खाने-पीने का सामान लेने बंकर से निकला था और गोलाबारी की चपेट में आ गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)