(फोटो के साथ)
सेविले (स्पेन), 13 सितंबर एयरबस डिफेंस एंड स्पेस कंपनी ने बुधवार को पहला सी295 परिवहन विमान भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी को सौंपा।
भारतीय वायु सेना के आधुनिकीकरण के उद्देश्य से सरकार ने ‘एयरबस डिफेंस एंड स्पेस कंपनी’ के साथ दो साल पहले 21,935 करोड़ रुपये में 56 सी295 परिवहन विमानों को खरीदने का सौदा किया था।
एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने इसे भारतीय वायुसेना और भारत के लिए एक महत्वपूर्ण दिन करार दिया।
एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने कहा, ‘‘यह हमारे लिए, विशेष रूप से भारतीय वायु सेना के लिए और पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है, जो एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है, जिसमें हम इनमें से 40 विमानों का निर्माण भारत में करेंगे। यह विमान आवश्यकता पड़ने पर हमारी सेनाओं को अग्रिम मोर्चे पर ले जाने की क्षमता को जबरदस्त तरीके से मजबूती प्रदान करेगा। ’’
स्पेन के सेविले शहर में बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना प्रमुख वी.आर. चौधरी को एयरबस कंपनी के उत्पादन संयंत्र में यह विमान सौंपा गया।
इस समझौते के तहत एयरबस 2025 तक सेविले में शहर में अपने उत्पादन संयंत्र से ‘फ्लाई-अवे’ (उड़ान के लिये तैयार) स्थिति में पहले 16 सी295 विमानों की आपूर्ति करेगा।
इसके बाद दोनों कंपनियों के बीच हुई एक औद्योगिक साझेदारी के हिस्से के रूप में शेष 40 विमानों का निर्माण और संयोजन भारत में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड(टीएएसएल) द्वारा वड़ोदरा में किया जाएगा।
इस अवसर पर वायु सेना प्रमुख ने नए विमान में उड़ान भी भरी। यह विमान 15 सितंबर को सेविले से दिल्ली के लिए रवाना होगा।
एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘ पहला विमान स्पेन में तैयार किया गया है, वहीं 17वें विमान को 2026 में वडोदरा में तैयार कर अंतिम रूप दिया जाएगा। यह एक ऐतिहासिक क्षण होगा क्योंकि पहली बार एक सैन्य परिवहन विमान पूरी तरह से भारत में निर्मित किया जाएगा। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY