देश की खबरें | अहमदाबाद विमान दुर्घटना: डीएनए जांच से 190 मृतकों की पहचान हुई, 159 शव परिजनों को सौंपे गए

अहमदाबाद, 18 जून अहमदाबाद में पिछले सप्ताह हुए एअर इंडिया विमान हादसे में मारे गए कम से कम 190 मृतकों की डीएनए मिलान के जरिए पहचान कर ली गई है और 32 विदेशियों समेत 159 शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

कुल 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर 12 जून को लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान एआई-171 अहमदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में एक व्यक्ति को छोड़कर विमान में सवार सभी यात्रियों की मौत हो गई थी और जमीन पर मौजूद लगभग 29 अन्य लोग मारे गए थे।

अधिकारी मृतकों की पहचान स्थापित करने के लिए डीएनए जांच कर रहे हैं क्योंकि कई शव इतनी बुरी तरह से जल गए हैं कि उनकी पहचान नहीं की जा सकती।

अहमदाबाद सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ राकेश जोशी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बुधवार सुबह तक 190 डीएनए नमूनों का मिलान किया जा चुका है और 159 शवों को पहले ही संबंधित परिवारों को सौंप दिया गया है। अन्य शवों (डीएनए नमूनों) के मिलान की प्रक्रिया अभी जारी है।’’

उन्होंने बताया कि जिन 159 पीड़ितों के शव उनके परिजनों को सौंपे गए हैं, उनमें 127 भारतीय, चार पुर्तगाली नागरिक, 27 ब्रिटिश नागरिक और एक कनाडाई शामिल हैं।

जोशी ने बताया कि 127 भारतीयों के शव उनके परिजन को सौंपे गए जिनमें से चार लोग ऐसे थे जो जमीन पर मारे गए थे और 123 विमान में सवार थे।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद 71 घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

जोशी ने बताया, ‘‘उनमें से केवल सात का ही सिविल अस्पताल में इलाज जारी है जबकि 12 अन्य मरीज अहमदाबाद और दाहोद के निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। यहां (सिविल अस्पताल) इलाज के दौरान तीन मरीजों की मौत हो गई।’’

राज्य सरकार ने पहले कहा था कि विमान में सवार लोगों के साथ-साथ जमीन पर मारे गए लोगों सहित 250 पीड़ितों के नमूने एकत्र किए गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)