देश की खबरें | अग्निपथ योजना सेना में भर्ती के आकांक्षी युवाओं के हौसले को कम करेगी: कांग्रेस नेता

मंगलुरु, 27 जून कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बी रामनाथ राय ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना देश में बेरोजगारी की स्थिति को बिगाड़ने तथा सेना में भर्ती के आकांक्षी युवाओं का हौसला कम करने का काम करेगी।

राय ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वह केंद्र सरकार के इस दावे का विरोध करते हैं कि यह योजना बेरोजगारों की मदद करेगी।

उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना लाकर केंद्र सरकार उन युवाओं के साथ अन्याय कर रही है, जिनका चयन पहले ही हो चुका है और चिकित्सा प्रमाणपत्र का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले मानदंडों के अनुसार, सरकार में पांच साल की सेवा एक कर्मचारी को ग्रेच्युटी और अन्य लाभ प्राप्त करने का अधिकार देती है। राय ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने युवाओं को लाभ से वंचित करने के लिए जानबूझकर चार साल के लिए अग्निपथ योजना तैयार की है।

राय के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में सालाना दो करोड़ रोजगार सृजित करने का वादा अभी तक पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वास्तविक समस्याओं का समाधान किए बिना केवल अराजकता और भ्रम पैदा करने में दिलचस्पी रखती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस योजना के खिलाफ पूरे देश में निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर अभियान चलाएगी। इस दौरान डीसीसी अध्यक्ष हरीश कुमार, पूर्व एमएलसी नवीन डिसूजा और अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)