जयपुर, छह फरवरी राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक डंपर और कार की भिड़ंत में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद युवकों के परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन के दौरान पत्थराव किया और चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
पुलिस ने कहा कि एक पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त किया गया है। भीलवाड़ा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल मिश्रा ने बताया कि बीती रात नाथूण गांव के पास एक डंपर और कार की भिड़ंत में कार में सवार तीन युवकों की मौत हो गई थी और दो अन्य युवक घायल हो गये थे।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजा और अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन के दौरान चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया और जहाजपुर पुलिस थाने के वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
उन्होंने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिये अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिये गये।
दो घायलों में से एक गंभीर घायल हो उदयपुर रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि आगजनी और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।
इस संबंध में 6-7 नामजद और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जायेगी। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों और प्रशासन के बीच सरकारी मुआवजे को लेकर सहमति बनने के बाद उन्होंने प्रदर्शन खत्म कर दिया है और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
जहाजपुर थानाधिकारी दुलीचंद गुर्जर ने सोमवार को बताया कि हादसे में कार सवार रमेश (40) , लेखराज (23) और धीरज (25) की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अशोक और नरेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गये थे।
कुंज पृथ्वी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY