भुवनेश्वर, 18 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधान सचिव पी. के. मिश्रा सहित 178 यात्रियों को लेकर जा रहे विमान को रनवे पर दरार आने के चलते शुक्रवार को ओडिशा के झारसुगुडा हवाई अड्डे पर नहीं उतारा जा सका, जिसके बाद विमान को भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर भेज दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मिश्रा शनिवार को आईआईएम संबलपुर के दीक्षांत समारोह में भाग लेने के लिए जा रहे थे और वह दिल्ली-झारसुगुडा उड़ान में सवार हुए थे। अपराह्न करीब 3.20 बजे पश्चिमी ओडिशा के इस शहर में पहुंचने का उनका कार्यक्रम था।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘विमान झारसुगुडा के वीर सुरेन्द्र साईं हवाई अड्डे पर उतर नहीं सका, क्योंकि हवाई अड्डा अधिकारियों ने रनवे पर दरार आने के कारण ‘एयरमैन को नोटिस’ (नोटम) जारी किया था।’’
हवाई अड्डा के निदेशक संदीप के. तिवारी ने कहा, ‘‘गर्मियों में रनवे के कंक्रीट स्लैब में दरारें आना आम बात है। यह दो किलोमीटर लंबा रनवे है और दिल्ली से आने वाले विमान की निर्धारित लैंडिंग से आधे घंटे पहले दरारें दिखी थीं। इसलिए, हमने उड़ान को भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर भेजना बेहतर समझा।’’
उन्होंने यह भी कहा कि वही उड़ान शाम करीब 7.13 बजे मिश्रा समेत सभी यात्रियों के साथ झारसुगुडा हवाई अड्डे पर उतरी।
उन्होंने कहा, ‘‘दरारें ठीक किए जाने के बाद हवाई अड्डा अधिकारियों द्वारा नोटिस वापस ले लिया गया और उड़ान परिचालन शुरू कर दिया गया।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY