इंफाल, 18 सितंबर मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बिरेन सिंह के आश्वासन के बाद सोमवार को भारतीय सेना के एक जवान के परिजन उसका शव लेने के लिए तैयार हो गए। जवान की राज्य में बीते सप्ताह हत्या हो गई थी। एक आदिवासी संगठन ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने परिजनों को सैनिक की हत्या में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।
आदिवासी संगठन के एक पदाअधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मृतक आदिवासी का प्रतिनिधित्व कर रहे संगठन के सदस्यों से यह भी कहा कि सेर्टो थांगथांग कोम की हत्या की उच्च स्तरीय जांच की जाएगी।
आदिवासियों के उच्चतम निकाय 'कोम यूनियन' के अध्यक्ष चुंगजाहाओ सेर्टो कोम ने कहा, ''थांगथांग कोम के परिजन जेएनआईएमएस शवगृह से शव लेने के लिए तैयार हो गए हैं।''
चुंगजाहाओ ने कहा, ''हम सुबह अपने मुख्यमंत्री से सचिवालय में मिलें और अपनी मांग रखी। वह हत्या के संबंध में एक महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी के अंतर्गत जांच कराने के लिए तैयार हो गए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हमें इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया।''
कोम यूनियन के अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री से उन्हें गांवों को सुरक्षा प्रदान करने के साथ मृत सिपाही के परिजनों को मुआवजा देने का भी आश्वासन मिला है।
चुंगजाहाओ ने कहा,''हमें नहीं पता यह सब कैसे हुआ। मृतक निर्दोष था जो एक सामान्य जीवन जी रहा था।''
सेना की रक्षा सुरक्षा कोर (डीएससी) प्लाटून के सिपाही सेर्टो थांगथांग कोम का शव रविवार को इंफाल पूर्व जिले के खुनिंगथेक गांव में मिला था।
एक अधिकारी ने बताया कि वह इंफाल पश्चिम के तरुंग का रहने वाला था जिसके परिवार में उसकी पत्नी, बेटी और बेटा है।
उन्होंने बताया कि अज्ञात हथियारबंद लोगों ने अवकाश पर आए थांगथांग कोम का शनिवार की सुबह करीब 10 बजे उनके घर से अपहरण कर लिया था।
मामले के प्रत्यक्षदर्शी और कोम के 10 वर्षीय बेटे के अनुसार तीन लोग उसके घर में तब दाखिल हुए जब वह अपने पिता के साथ बरामदे में काम कर रहा था।
राज्य के सेवानिवृत्त सेना अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल एल. निशिकांत सिंह ने सैनिक की मौत पर शोक जताया है।
कांगपोकपी जिला स्थित कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (सीओटीयू) ने भी सैनिक की हत्या की निंदा की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY