देश की खबरें | दिल्ली में 2.5 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ अफगान नागरिक गिरफ्तार

अहमदाबाद, पांच जुलाई गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने एक अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर समुद्री मार्ग से हेरोइन की तस्करी करने और इसे दिल्ली ले जाने वाले एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह का हिस्सा था। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि एटीएस की एक टीम ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के भोगल इलाके में छापेमारी कर मोहम्मद यासीन मियां साहिब (27) को गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि उसके पास से 2.5 करोड़ रुपये की 460 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। विज्ञप्ति के अनुसार, एटीएस सितंबर 2023 में समुद्र के रास्ते भारत में आठ किलोग्राम हेरोइन की तस्करी किये जाने और राष्ट्रीय राजधानी के तिलक नगर इलाके में एक व्यक्ति को पहुंचाए जाने के मामले की जांच कर रही थी।

जांच में पता चला कि एक अज्ञात नाइजीरियाई और अफगान नागरिक साहिब उस मादक पदार्थ गिरोह का हिस्सा थे।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि अफगानिस्तान में जलालाबाद के रहने वाले साहिब ने बताया कि उसने करीब आठ महीने पहले तिलक नगर में एक नाइजीरियाई से चार किलोग्राम हेरोइन खरीदी थी और 3.5 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ बेचा था।

ग्रेटर नोएडा में रहने वाले आरोपी नाइजीरियाई व्यक्ति के निर्देश पर वह एक ग्राहक को शेष 460 ग्राम हेरोइन देने के लिए भोगल आया था।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि साहिब 2017 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था और इलाज के लिए दिल्ली आने वाले अफगान नागरिकों के लिए अनुवादक के रूप में काम करना शुरू कर दिया था।

इसमें कहा गया है कि उसका वीजा दो साल पहले समाप्त हो गया था और उसने शरणार्थी कार्ड के लिए आवेदन किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)