देश की खबरें | आदित्य ने मुंबई के लिए गिफ्ट सिटी जैसी सुविधाओं की मांग की

मुंबई, नौ मार्च शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता आदित्य ठाकरे ने रविवार को मुंबई के लिए गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक (गिफ्ट) सिटी जैसी सुविधाओं और प्रोत्साहनों की मांग की और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर महानगर की आर्थिक स्थिति को व्यवस्थित तरीके से दुर्बल बनाने का आरोप लगाया।

यहां पार्टी के एक कार्यक्रम में ठाकरे ने मुंबई के वित्तीय महत्व को जानबूझकर कम करने का आरोप लगाया।

उन्होंने दावा किया, ‘‘गिफ्ट सिटी को दी जाने वाली सब्सिडी और सुविधाएं मुंबई को भी दी जानी चाहिए। भाजपा जानबूझकर मुंबई की आर्थिक स्थिति को दुर्बल बना रही है।’’

राज्य के पूर्व मंत्री ने प्रमुख परियोजनाओं और मुख्यालयों को मुंबई से गुजरात और दिल्ली में स्थानांतरित करने की भाजपा की नीतियों की आलोचना की और महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर सवाल उठाया।

उन्होंने कहा, ‘‘कई कंपनियों के मुख्यालय मुंबई से बाहर स्थानांतरित हो गए हैं। इससे शहर को क्या फायदा होगा? झारखंड और वाराणसी में भी लोग पूछते हैं कि नयी परियोजनाएं अन्य राज्यों के बजाय गुजरात में क्यों जा रही हैं।’’

ठाकरे ने अदाणी समूह जैसी निजी संस्थाओं के तहत नवी मुंबई हवाई अड्डे के पास प्रस्तावित नवी मुंबई हवाईअड्डा प्रभाव अधिसूचित क्षेत्र (नैना) सिटी को लेकर भी चिंता व्यक्त की।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या हवाई अड्डा अदाणी को सौंपा जाएगा। हम इसका विरोध करेंगे।’’

शिवसेना (यूबीटी) नेता ने मुंबई में तटीय सड़क, अटल सेतु और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में देरी की आलोचना की और शहर के सरकारी अस्पतालों में खराब होती स्वास्थ्य सेवाओं पर निराशा व्यक्त की।

उन्होंने कहा, ‘‘मुंबई दशकों से भारत की अर्थव्यवस्था का मजूबत स्तंभ रही है। हम इसका महत्व नहीं खोने देंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)