कांठी, 21 दिसंबर पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर दिसंबर में बड़ा खतरा मंडराने के कई दावे करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को ‘यू टर्न’ लेते हुए कहा कि उनकी पार्टी अन्य दलों के विधायकों को नहीं तोड़ती है और सत्ता में आने के लिए अगले चुनाव तक इंतजार करेगी।
विधानसभा में विपक्ष के नेता ने हालांकि तृणमूल कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए यह जरूर कहा कि सत्ता में आने पर भाजपा ‘बुल्डोजर की राजनीति’ के लिए रास्ता बनाएगी। गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा नेता अग्निमित्र पॉल के बयान पर चुटकी लेते हुए मंगलवार को कुछ ऐसे ही संकेत दिए थे।
अधिकारी सहित पश्चिम बंगाल में भाजपा के कई अन्य नेताओं ने बार-बार दावा किया था कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस नीत सरकार इस साल के अंत तक गिर जाएगी, इन दावों की वजह से बंगाल की राजनीति में दिसंबर बहुत हलचल भरा रहा।
नंदीग्राम से विधायक अधिकारी ने तो 12, 14 और 21 दिसंबर की तारीखें गिनाते हुए लोगों से पश्चिम बंगाल में महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम पर नजर रखने को कहा था।
अधिकारी ने बुधवार को एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैंने तीन तारीखें गिनाई थीं, लेकिन क्या मैंने कभी ऐसा कहा था कि हम (भाजपा नीत केन्द्र सरकार) राज्य सरकार को बर्खास्त करेगी? हम तृणमूल कांग्रेस के विधायकों को तोड़ने के लिए कुछ नहीं करेंगे। भाजपा चुनाव जीतेगी और राज्य में सरकार बनाएगी।’’
तृणमूल कांग्रेस द्वारा मंगलवार को ‘बुल्डोजर की राजनीति’ का संदर्भ दिए जाने पर कटाक्ष करते हुए अधिकारी ने कहा कि उनकी पार्टी सुनिश्चित करेगी कि उत्तर प्रदेश से यह परंपरा बंगाल तक पहुंचे।
उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश की तरह ही हम पश्चिम बंगाल में भी राष्ट्रवादी सरकार का गठन करेंगे और इस राज्य में भी बुल्डोजर का उपयोग करेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY