देश की खबरें | जयपुर हेरिटेज नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त ने महापौर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई

जयपुर, 29 जून जयपुर हेरिटेज नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त राजेंद्र वर्मा ने महापौर एवं कुछ कांग्रेस पार्षदों पर गलत तरीके से उन्हें बंधक बनाने और अपना कर्तव्य निभाने से रोकने का आरोप लगाते हुए माणक चौक पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।

उल्लेखनीय है कि निगम के अतिरिक्त आयुक्त को निलंबित करने की मांग को लेकर महापौर एवं कांग्रेस पार्षदों ने निगम में धरना दिया था।

वर्मा ने बुधवार शाम को महापौर मुनेश गुर्जर, उपमहापौर असलम फारुखी और पार्षदों समेत करीब एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है।

महापौर ने कहा कि वह अधिकारी के खिलाफ भी मामला दर्ज कराएंगी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा से मिलेंगी।

कुछ दिन पहले मुनेश गुर्जर और कांग्रेस पार्षदों ने सफाई कार्यों से जुड़ी फाइल निपटाने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में अतिरिक्त आयुक्त राजेंद्र वर्मा को निलंबित करने की मांग को लेकर निगम मुख्यालय में एक सप्ताह तक धरना दिया था। 22 जून को महापौर की रंधावा से मुलाकात के बाद धरना दस दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया था।

माणक चौक थानाधिकारी रण सिंह ने बताया कि नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त राजेंद्र कुमार वर्मा द्वारा धारा 342 (गलत तरीके से बंधक), 333·(लोक सेवक को उसके कर्तव्य से रोकने के लिए जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाना), 353 (हमला) के तहत प्राथमिकी दर्ज करवाई गयी थी ।

उन्होंने बताया कि वर्मा ने प्राथमिकी में आरोप लगाया कि महापौर और कुछ पार्षद उन्हें जबरदस्ती महापौर के चैंबर में ले गए, जहां उन्होंने उन्हें बंधक बना लिया, धमकाया, एक फाइल पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया, उनके साथ दुर्व्यवहार किया और जातिसूचक टिप्पणियां कीं।

संपर्क करने पर महापौर ने कहा कि वह मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी से मिलेंगी तथा अतिरिक्त आयुक्त के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराएंगी।

उन्होंने पीटीआई- को बताया, “अतिरिक्त आयुक्त ने अपने भ्रष्टाचार और कुकर्मों को छिपाने के लिए हमारे खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रंधावा द्वारा मामले को देखने का आश्वासन देने के बाद हमने दस दिनों के लिए आंदोलन स्थगित कर दिया था, लेकिन अब जब हमारे खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, तो हम भी उनके खिलाफ मामला दर्ज करायेंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)