नयी दिल्ली, 17 अगस्त अडाणी समूह की कंपनी अडाणी पावर के शेयर बृहस्पतिवार को लगभग दो प्रतिशत चढ़ गए।
अमेरिकी बुटीक निवेश कंपनी जीक्यूजी पार्टनर्स और अन्य निवेशकों द्वारा 1.1 अरब डॉलर (लगभग 9,000 करोड़ रुपये) से कंपनी में 8.1 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के बाद कंपनी के शेयर बढ़े हैं।
बीएसई में कंपनी का शेयर 2.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 286.5 रुपये पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान यह 3.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 288.45 रुपये तक पहुंचा था।
एनएसई में कंपनी का शेयर दो प्रतिशत चढ़कर 285.55 रुपये पर बंद हुआ।
समूह की अधिकतर कंपनियां बृहस्पतिवार को बढ़त में रहीं। अडाणी पोर्ट्स का शेयर 4.47 प्रतिशत बढ़ा, अंबुजा सीमेंट्स का शेयर 1.91 प्रतिशत, अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 1.45 प्रतिशत, एनडीटीवी का शेयर 1.26 प्रतिशत, एसीसी का शेयर 0.64 प्रतिशत और अडाणी ट्रांसमिशन का शेयर 0.42 प्रतिशत बढ़ा।
जीक्यूजी और अडाणी पावर का सौदा 279.17 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर हुआ है। इस तरह 31.2 करोड़ शेयरों की बिक्री से कंपनी के प्रवर्तक अडाणी परिवार को 1.1 अरब डॉलर यानी करीब 9,000 करोड़ रुपये मिले।
यह जीक्यूजी पार्टनर्स का मई से अडाणी समूह की चौथी कंपनी में निवेश है। निवेश कंपनी ने जनवरी में हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में आई भारी गिरावट के बाद मार्च से निवेश करना शुरू किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY