नयी दिल्ली, 26 दिसंबर अरबपति गौतम अडाणी और उनका परिवार हरित ऊर्जा इकाई में 9,350 करोड़ रुपये का निवेश करेगा ताकि कंपनी को वर्ष 2030 तक 45 गीगावाट क्षमता का लक्ष्य हासिल करने लायक बनाया जा सके।
अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने प्रवर्तकों को 1,480.75 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 6.31 करोड़ तरजीही वारंट जारी करने की योजना को मंजूरी दी। इस तरह वारंट जारी कर 9,350 करोड़ रुपये की राशि जुटाई जाएगी।
कंपनी में प्रवर्तकों की तरफ से 9,350 करोड़ रुपये के इस निवेश का इस्तेमाल ‘उधारी चुकाने और त्वरित पूंजीगत व्यय के लिए किया जाएगा।’
इस निवेश के बाद अडाणी ग्रीन एनर्जी में प्रवर्तक समूह की फर्मों को 3.833 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी मिलेगी।
कंपनी के पास 1.2 अरब डॉलर मूल्य के बॉन्ड हैं जो अगले साल परिपक्व होने वाले हैं। इन बॉन्ड के भुगतान या पुनर्वित्तपोषण के लिए कंपनी ने योजनाएं बनानी पहले ही शुरू कर दी हैं।
कंपनी ने कहा कि तरजीही वारंट जारी करने के लिए नियामकीय एवं वैधानिक निकायों की भी मंजूरी लेनी होगी। इसके अलावा 18 जनवरी को होने वाली कंपनी की असाधारण आम बैठक (ईजीएम) में भी इसपर शेयरधारकों की स्वीकृति ली जाएगी।
हरित ऊर्जा के क्षेत्र में सक्रिय एजीईएल के पास पहले से ही 19.8 गीगावाट की क्षमता और संसाधन-संपन्न इलाके में दो लाख एकड़ से अधिक भूमि (40 गीगावॉट से अधिक की अतिरिक्त क्षमता के बराबर) का बिजली खरीद समझौता (पीपीए) है।
कंपनी ने वर्ष 2030 तक 45 गीगावाट हरित ऊर्जा क्षमता का लक्ष्य तय किया हुआ है।
अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी ने कहा, ‘‘अडाणी परिवार का यह निवेश न केवल हमारे देश के स्वच्छ ऊर्जा के सपने को साकार करने बल्कि एक न्यायसंगत ऊर्जा बदलाव के लिए भी हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।... धन के निवेश के साथ एजीईएल अपने तीव्र वृद्धि पथ को पाने के लिए अनुकूल स्थिति में है।’’
एजीईएल ने पहले गुजरात के खावड़ा में स्थित देश के सबसे बड़े सौर पार्क में 2,167 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए आठ प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बैंकों द्वारा 1.36 अरब डॉलर की निर्माण सुविधा लगाने की घोषणा की थी।
इसके अलावा एजीईएल ने 1.42 अरब डॉलर की इक्विटी पूंजी (प्रवर्तकों के तरजीही आवंटन से 1.12 अरब डॉलर और टोटलएनर्जीज जेवी से 30 करोड़ डॉलर) की घोषणा की थी। यह तीन अरब डॉलर से अधिक की पूंजी के बराबर है।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा, ‘‘यह एजीईएल के लक्ष्य के लिए दीर्घकालिक निवेशकों, रणनीतिक साझेदारों, वित्तीय संस्थानों और बैंकों के साथ प्रवर्तक की सतत प्रतिबद्धता के साथ गहरी दिलचस्पी को दर्शाता है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY