नयी दिल्ली, तीन फरवरी दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत विहार में पीवीआर प्रिया में शुल्क देने के लिए कहे जाने पर पार्किंग स्थल कर्मचारी पर कथित रूप से हमला करने के आरोप में एक निजी स्कूल के 28 वर्षीय शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आरोपी की पहचान महरौली निवासी विक्रम जीत सिंह के रूप में हुई है, जो दक्षिणी दिल्ली के एक निजी स्कूल में पीटी शिक्षक के रूप में काम करता है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि घायल पार्किंग स्थल कर्मचारी विकास ठाकुर को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। ठाकुर की दाहिनी कनपटी के आसपास चोट आई है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) मनोज सी ने कहा कि जांच के दौरान एक अन्य पार्किंग स्थल कर्मचारी मनोज कुमार ने बताया कि सिंह ने शाम करीब सात बजे अपनी होंडा अमेज गाड़ी खड़ी की। उन्होंने कहा कि वह (सिंह) रात करीब साढ़े नौ बजे नशे की हालत में वहां लौटा था।
कुमार ने जब पार्किंग शुल्क के तौर पर 60 रुपये देने की मांग की तो सिंह ने कथित तौर पर अपशब्द कहने शुरू कर दिए।
कुमार के दोस्त ठाकुर भी मौके पर पहुंचे और सिंह से शुल्क का भुगतान करने का अनुरोध किया। मनोज ने कहा कि आरोपी ने अपने वाहन से एक बल्ला निकालकर ठाकुर के सिर पर उससे वार किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद वह गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गया।
वसंत विहार थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 308 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच के दौरान पुलिस ने कार के पंजीकरण नंबर का पता लगाया और सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया और ठाकुर पर हमला करने के लिए इस्तेमाल किया गया बल्ला भी बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया कि अदालत के निर्देश पर सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY