देश की खबरें | असम में एबीटी व जेएएम सदस्य गिरफ्तार

गुवाहाटी, चार फरवरी असम पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने कोकराझार जिले से अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (एबीटी) और जमात-उल-मुजाहिदीन (जेएएम) के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एसटीएफ की एक टीम ने विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर जिला पुलिस के साथ मिलकर एक अभियान चलाया और सोमवार को व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नसीमुद्दीन एसके के रूप में हुई है, जो एबीटी और जेएएम का सक्रिय सदस्य है और कोकराझार में आतंकवाद से संबंधित मामलों में मुख्य आरोपी नूर इस्लाम मंडल का करीबी सहयोगी है।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति चरमपंथी संगठनों को हथियार मुहैया कराने के लिए हथियार हासिल करने और आईईडी बनाने की साजिश में मंडल के साथ कथित रूप से शामिल था।

गिरफ्तार व्यक्ति पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, पासपोर्ट अधिनियम, विस्फोटक अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह गिरफ्तारी देश भर में कट्टरपंथी नेटवर्क और वैश्विक आतंकवादी संगठनों (जीटीओ) को खत्म करने के लिए पिछले वर्ष दिसंबर में शुरू किए गए 'ऑपरेशन प्रघात' के दौरान की गई।

कोकराझार के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष गिरफ्तार व्यक्ति को पेश किया गया और उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

कोकराझार जिले के नामपारा इलाके से 25 दिसंबर को एक आतंकी नेटवर्क के दो संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था और उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए थे।

असम पुलिस ने 17-18 दिसंबर की मध्य रात्रि को समन्वित अंतर-राज्यीय अभियान के दौरान एक बांग्लादेशी समेत आठ कट्टरपंथियों को गिरफ्तार किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)