देश की खबरें | दिल्ली में पैरोल पर बाहर निकलने के बाद फरार व्यक्ति गिरफ्तार

नयी दिल्ली, नौ दिसंबर दिल्ली पुलिस ने मौत की सजा का सामना कर रहे एक ऐसी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो पैरोल पर बाहर आने के बाद फरार हो गया था। जेल से बाहर रहने के दौरान उसने तीन लोगों की हत्या करने की कोशिश की। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, विक्की उर्फ विनोद उर्फ संन्यासी कपिल सांगवान उर्फ नंदू गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो कथित तौर पर हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, जबरन वसूली और जमीन पर कब्जा करने के 13 मामलों में शामिल है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि विक्की को शुक्रवार को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से दो पिस्तौल और आठ कारतूस बरामद किए गए थे।

विक्की ने खुलासा किया कि वह नंदू गिरोह के संपर्क में आया और 2009 में पालम क्षेत्र में अपंजीकृत भूखंडों पर कब्जा करने और उनके लिए जाली दस्तावेज तैयार करने के साथ अपराध की दुनिया में कदम रखा।

पुलिस ने कहा कि विक्की पालम गांव में दर्ज हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और जुलाई में दिल्ली उच्च न्यायालय ने उसे पैरोल पर रिहा करने का निर्देश दिया था।

उन्होंने कहा कि वह पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद जेल नहीं लौटा और पालम गांव तथा नजफगढ़ इलाकों में तीन लोगों की हत्या करने का प्रयास किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)