लखनऊ, 10 मई उत्तर प्रदेश की स्वार और छानबे विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में मतदान प्रतिशत कम रहा और दोनो स्थानों पर क्रमश: 44.95 प्रतिशत और 44.15 फीसद मतदान हुआ । अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे संपन्न हुआ । मतगणना 13 मई को होगी ।
एक साल पहले चुनाव में स्वार में मतदान प्रतिशत 68.8 था, जब सपा नेता आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम खान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अपना दल (सोनेलाल) के उम्मीदवार को हरा दिया था। इसी तरह छानबे विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को मतदान प्रतिशत 44.15 प्रतिशत रहा, जबकि पिछली बार चुनाव में यह 52 प्रतिशत था।
स्वार सीट सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम को एक मामले में सजा सुनाये जाने के बाद उनकी सदस्यता रद्द होने के चलते रिक्त हुई है जबकि छानबे सीट भाजपा के सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के विधायक राहुल कोल के निधन की वजह से खाली हुई है।
मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि पुलिस मतदाताओं को स्वार के कुछ बूथों पर वोट डालने से रोक रही है, लेकिन अधिकारियों ने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया और कहा कि दोनों उपचुनावों में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान हुआ और ये शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।
इस बीच, समाजवादी पार्टी ने बयान जारी करके कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आज समाजवादी पार्टी की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग, निर्वाचन सदन को संबोधित पत्र प्रेषित कर रामपुर जनपद के स्वार विधानसभा और मिर्जापुर जनपद के छानबे विधानसभा क्षेत्र में मतदान में धांधली तथा सत्तापक्ष द्वारा मतदाताओं को डराने-धमकाने तथा बूथ कब्जा करने की शिकायतों को तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की है।
समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद अरविन्द कुमार सिंह ने उपचुनाव से सम्बन्धित तमाम शिकायतें मुख्य निर्वाचन आयुक्त से की हैं।
अधिकारियों ने, हालांकि, किसी भी तरह की विसंगतियों से इनकार किया और कहा कि दोनों सीटों पर स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान हुआ। उपचुनाव में सत्ताधारी गठबंधन और विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि स्वार और छानबे विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY