‘AAP’ ने लोगों से ‘तानाशाही’ के खिलाफ वोट करने का आग्रह किया
आम आदमी पार्टी (आप) की छात्र इकाई छात्र युवा संघर्ष समिति (सीवाईएसएस) ने रविवार को यहां एक साइकिल रैली निकाली और जनता से ‘‘तानाशाही’’ के खिलाफ वोट करने की अपील की.
नयी दिल्ली, 12 मई : आम आदमी पार्टी (आप) की छात्र इकाई छात्र युवा संघर्ष समिति (सीवाईएसएस) ने रविवार को यहां एक साइकिल रैली निकाली और जनता से ‘‘तानाशाही’’ के खिलाफ वोट करने की अपील की. रैली को ‘जेल का जवाब वोट से’ अभियान के तहत राउज एवेन्यू स्थित पार्टी मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. इसमें शामिल युवाओं ने टी-शर्ट और टोपी पहन रखी थी. टी-शर्ट और टोपी पर ‘जेल का जवाब वोट से’ लिखा था. युवाओं ने केंद्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को हटाने के लिए अभियान चलाया और पार्टी को ‘‘तानाशाही’’ बताया.
‘आप’ की दिल्ली इकाई के संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय और नयी दिल्ली लोकसभा सीट से ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार सोमनाथ भारती भी रैली में शामिल हुए. राय ने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी विभिन्न तरीकों से भाजपा की तानाशाही के खिलाफ लोगों के बीच जा रही है. पहले हमने ‘वॉकथॉन’ के माध्यम से अपना अभियान चलाया और आज हम ‘साइक्लोथॉन’ के जरिये यह संदेश दे रहे हैं कि इस बार देश को बचाने के लिए भाजपा की तानाशाही को खत्म करना बहुत जरूरी है.’’ भारती ने विश्वास जताया कि 25 मई को दिल्ली में होने वाले लोकसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन सभी सात सीट पर जीत हासिल करेगा. यह भी पढ़ें : प्रधानमंत्री मोदी ने देश की ‘पूरी संपत्ति चार-पांच अमीर लोगों’ को दे दी: प्रियंका गांधी
भाजपा पर निशाना साधते उन्होंने कहा, ‘‘दिल्लीवासी कह रहे हैं कि भाजपा ने संविधान और लोकतंत्र को नष्ट कर दिया है. एक मौजूदा मुख्यमंत्री को भाजपा ने बिना किसी सबूत के जेल में डाल दिया. अरविंद केजरीवाल को जेल में डालकर भाजपा ने साबित कर दिया कि वह लोकसभा चुनाव में अपनी हार से बहुत डरी हुई है.’’ भारती ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने सभी को ‘‘समान अवसर’’ प्रदान करने के लिए मामले का संज्ञान लिया. उन्होंने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने के बाद पूरे देश में यह संदेश गया है कि अभी भी कोई संगठन है जो देश के लोकतंत्र और संविधान को लेकर चिंतित है.’’
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2024 03:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

