भावनगर, 26 फरवरी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को गुजरात में भावनगर के किसानों को आश्वासन दिया कि पंजाब और दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार एक ट्रेन भेजकर उनकी प्याज की पैदावार को खरीदेंगी, ताकि उन्हें नुकसान न हो।
भावनगर जिले के अनेक किसानों ने यहां सर्किट हाउस में मान से मुलाकात की और उनकी समस्या का समाधान निकालने का अनुरोध किया।
मान ने आप की गुजरात इकाई के अध्यक्ष इशूदान गढवी से किसानों का विवरण लेने को कहा, ताकि पार्टी अगले महीने संसद सत्र में लोकसभा और राज्यसभा में उनके मुद्दे को उठा सके।
उन्होंने किसानों से कहा, ‘‘मैं भी किसान का बेटा हूं, इसलिए आपकी पीड़ा समझता हूं। कृपया अपनी फसल बर्बाद मत कीजिए। मैं पंजाब और दिल्ली में प्याज की मांग के बारे में पूछूंगा और फिर यहां से मंगाऊंगा। हम आपके प्याज के लिए ट्रेन भेजेंगे।’’
मान से मिलने वाले किसान निकुलसिंह जाला ने कहा कि भावनगर में पैदा प्याज की गुणवत्ता बहुत अच्छी होती है, लेकिन थोक विक्रेताओं के एकाधिकार के कारण उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल रहा।
कुछ दिन पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता और गुजरात से राज्यसभा सदस्य शक्तिसिंह गोहिल ने इस मुद्दे को उठाते हुए दावा किया था कि किसानों को बंपर पैदावार की वजह से उनकी फसल का मूल्य केवल दो रुपये प्रति किलोग्राम मिल रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY