देश की खबरें | ‘आप’ सरकार चर्चा से बच रही है: भाजपा विधायक

नयी दिल्ली, 13 दिसंबर दिल्ली विधानसभा के इस सप्ताह के अंत में शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने बुधवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार शहर के लोगों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा से बच रही है।

इन आरोपों पर सत्तारूढ़ पार्टी ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा में भाजपा के आठ विधायक और आप के 62 विधायक हैं।

विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने यहां एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने पिछले चार वर्षों में दिल्ली से संबंधित मुद्दों पर भाजपा विधायकों के नोटिस को मंजूर नहीं किया।

उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी के विधायकों ने खराब परिवहन व्यवस्था, किसानों को मुआवजा, यमुना में प्रदूषण, वृद्धावस्था पेंशन और राशन कार्ड जारी न करने जैसे मुद्दों पर बहस के लिए नोटिस दिया है।

दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुक्रवार से शुरू होगा।

बिधूड़ी ने यह भी आरोप लगाया कि आप ने प्रधानमंत्री, उपराज्यपाल और नौकरशाहों को अपशब्द कहने के लिए मुद्दे उठाने के अलावा विधानसभा में कभी किसी बहस की अनुमति नहीं दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)