देश की खबरें | आप ने केजरीवाल के आवास के पुनर्निर्माण मामले में कैग ऑडिट आदेश की आलोचना की

नयी दिल्ली, 27 जून आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आधिकारिक आवास के पुनर्निर्माण खर्च की कैग ऑडिट शुरू करने के केंद्र के फैसले की मंगलवार को आलोचना की और कहा कि यह कदम भाजपा की ‘‘हताशा’’ को दिखाता है क्योंकि उसे 2024 में लोकसभा चुनाव हारने का डर है।

सत्तारूढ़ दल आप की तीखी प्रतिक्रिया ऐसे वक्त आई है जब राज निवास के अधिकारियों ने बताया कि भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास के ‘‘पुनर्निर्माण’’ में कथित ‘‘अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघनों’’ का विशेष ऑडिट करेंगे।

अधिकारियों ने दावा किया कि गृह मंत्रालय ने उपराज्यपाल वी के सक्सेना के 24 मई को प्राप्त एक पत्र पर गौर करने के बाद विशेष कैग ऑडिट की सिफारिश की थी। पत्र में मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के ‘‘पुनर्निर्माण’’ में ‘‘घोर और प्रथम दृष्टया वित्तीय अनियमितताओं’’ का उल्लेख किया गया था।

आप ने एक बयान में कहा, ‘‘मोदी सरकार के इस कदम से हताशा का संकेत मिलता है क्योंकि भाजपा को 2024 के आम चुनावों में हार का अंदेशा है। जहां तक मुख्यमंत्री आवास के पुनर्निर्माण के संबंध में खर्चों की कैग से जांच की बात है, तो यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि यह पिछले साल ही की जा चुकी है, जिसमें वित्तीय अनियमितताओं का कोई सबूत नहीं मिला।’’

आप ने कहा कि कैग ऑडिट दोबारा शुरू करना भाजपा की ‘‘हताशा, बेचैनी और निरंकुश प्रवृत्ति’’ का ‘‘स्पष्ट प्रतिबिंब’’ है। सत्तारूढ़ दल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली विधानसभा चुनावों में अपनी लगातार चुनावी हार से परेशान है।

बयान में कहा गया, ‘‘कैग जांच कराना एक निर्वाचित सरकार का विशेषाधिकार है और दिल्ली सरकार के मामलों में हस्तक्षेप करके केंद्र सरकार संवैधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन कर रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)