देश की खबरें | आम आदमी पार्टी ने मणिपुर की स्थिति को लेकर जंतर-मंतर पर किया प्रदर्शन

नयी दिल्ली, 25 जुलाई आम आदमी पार्टी (आप) ने हिंसा प्रभावित मणिपुर की स्थिति और राज्य में महिलाओं के खिलाफ क्रूरता की घटनाओं को लेकर मंगलवार को यहां जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया।

आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे पर चुप्पी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना भी की।

प्रदर्शनकारियों में दिल्ली विधानसभा की उपाध्यक्ष राखी बिडलान, कैबिनेट मंत्री गोपाल राय और विधायक जरनैल सिंह और राजेंद्र पाल गौतम शामिल थे। इन लोगों ने एक ‘मोमबत्ती मार्च’ भी निकाला।

जंतर-मंतर पर हुआ प्रदर्शन मणिपुर की स्थिति के खिलाफ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रव्यापी विरोध का हिस्सा था।

पार्टी की प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा कि भारत में मणिपुर पहली जगह नहीं है जहां महिलाओं पर अत्याचार हुआ है।

रीना गुप्ता ने कहा, ‘‘ महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामले उन्नाव, कठुआ, और हाथरस से भी सामने आए थे। जब वीडियो (मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने का) सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, तो आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन, बिलकिस बानो के मामले में आरोपियों के साथ क्या हुआ ये हम सब जानते हैं। जब मणिपुर जल रहा था, प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर थे। मुझे इस बात पर गुस्सा आता है कि अपराधियों को न्याय के कठघरे में लाने में तीन महीने लग गए। हम ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होने देंगे। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ किसी ने भी मणिपुर की जिम्मेदारी नहीं ली, किसी ने इस्तीफा नहीं दिया और ऐसा इसलिए है क्योंकि वे अपनी मां और बेटियों का सम्मान नहीं करते हैं। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)